भोपालपटनम। डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर भोपालपटनम में जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के उद्देश्य से 21 नवंबर 2026, शनिवार को विशेष पालक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित इस बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम, पूर्व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास, भोपालपटनम क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मिनेश कुमार पांडे द्वारा किया गया। बैठक में कक्षा 10वीं की कक्षा शिक्षिका एस. विक्टोरिया रानी, कक्षा 12वीं के कक्षा शिक्षक राजकुमार पटेल सहित अन्य विषय शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक तथा बालक एवं बालिका छात्रावास के वार्डन उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम ने अपने संबोधन में बैठक के आयोजन का उद्देश्य एवं इसकी महत्ता स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को बोर्ड परीक्षा की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से परिचय प्राप्त कर उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की।
इसके पश्चात विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, कक्षा में सहभागिता एवं व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और विद्यालय आने में होने वाली कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही अभिभावकों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिशत की समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति के कारणों को समझने तथा उसमें सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान विशेष रूप से उन विद्यार्थियों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनकी विद्यालय में उपस्थिति अत्यंत कम थी। ऐसे सभी विद्यार्थियों को विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम द्वारा शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में नियमित रूप से विद्यालय आएंगे, विद्यालय के अनुशासन एवं नियमों का पालन करेंगे तथा अपनी पढ़ाई के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पूरी निष्ठा से करेंगे। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अपनी शैक्षणिक प्रगति में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में अभिभावकों ने पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद पुनरावृत्ति (रिवीजन), आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार रखे। इस पर अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। अभिभावकों को समझाया गया कि बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए विद्यालय में नियमित उपस्थिति, घर पर अध्ययन एवं शिक्षकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय में सुझाव पेटी स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि विद्यार्थी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएँ एवं सुझाव विद्यालय प्रबंधन तक पहुँचा सकें। प्राप्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई। साथ ही विद्यार्थियों के अनुशासन, स्वच्छता, नाखूनों एवं बालों की नियमित देखभाल तथा विद्यालय की निर्धारित दिनचर्या का पालन करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बालक एवं बालिका छात्रावास के वार्डन की उपस्थिति में छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अभिभावकों द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, नियमित अध्ययन एवं बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया गया।
इस विशेष बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करना रहा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सभी से अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा बोर्ड परीक्षा तक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं तैयारी पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
