भोपालपटनम। ब्लॉक स्तरीय गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह 2026 का आयोजन आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, भोपालपटनम में भव्य एवं गरिमामय रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ निर्धारित कार्यक्रम-सारणी के अनुसार ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर परेड का आयोजन भी किया गया, जिसमें ब्लॉक के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
समारोह के अंतर्गत आयोजित वरिष्ठ स्तर की सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर के विद्यार्थियों ने “India’s Pride – National Symbols Come Alive on Stage” थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय ने इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी निरंतर उत्कृष्टता का परिचय दिया।
DAV स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति अन्य विद्यालयों की तुलना में अलग, सृजनात्मक एवं अत्यंत प्रभावशाली रही। विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ मंच पर भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों एवं निर्णायक मंडल ने विशेष रूप से सराहा।
प्रतियोगिता में कन्या उ.मा.वि. भोपालपटनम, गौरव पब्लिक स्कूल भोपालपटनम, सेजेस अंग्रेजी माध्यम स्कूल भोपालपटनम, सीबीएसई स्कूल भोपालपटनम, क.गा.बा.आ.वि. भोपालपटनम, बालक/कन्या प्राथमिक शाला भोपालपटनम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सेजेस हिन्दी माध्यम भोपालपटनम तथा मधुबन पब्लिक स्कूल भोपालपटनम सहित अनेक विद्यालयों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान परेड में शामिल सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेता विद्यालय को ट्रॉफी प्रदान की गई। यह सम्मान विद्यार्थियों के उत्साह एवं मनोबल को बढ़ाने वाला रहा।
समारोह में सभी सहभागी विद्यालयों के प्राचार्य, ब्लॉक के शिक्षा अधिकारी (BEO, ABEO), पत्रकारगण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उल्लूर के प्राचार्य पी.सी. पात्रा ने विद्यार्थियों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं टीमवर्क का परिणाम है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में भी निरंतर परिश्रम कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
