भोपलपटनम। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भोपलपटनम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का लाइव प्रसारण उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
विद्यालय परिसर में प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए अनुभवों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के नौवें संस्करण में प्रधानमंत्री ने परीक्षा के तनाव को कम करने, समय प्रबंधन, संतुलित दिनचर्या, सकारात्मक सोच, तकनीक एवं एआई के सही उपयोग, आंतरिक विकास तथा आत्म-जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्वांगीण विकास का माध्यम है और जीवन में संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षक का उद्देश्य विद्यार्थियों की गति से एक कदम आगे रहकर उन्हें प्रेरित करना होना चाहिए, ताकि वे निरंतर प्रगति कर सकें और अपने लक्ष्य को आत्मविश्वास के साथ प्राप्त कर सकें। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचियों, खेल और सकारात्मक आदतों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्यालय के नवपदस्थ प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने पदभार ग्रहण करते ही विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रियता दिखाई है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक शिक्षण वातावरण तथा नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के प्रेरणादायक कार्यक्रम विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की, चर्चा के प्रमुख बिंदुओं को नोट किया तथा ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ से संबंधित प्रमाण पत्र भी डाउनलोड किए। इससे उनमें नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ तथा परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और मानसिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें लक्ष्य की ओर दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
