Type Here to Get Search Results !

प्रतिभाओं का सम्मान और भावुक विदाई: डीएवी भोपलपटनम में CCA प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित

उल्लूर/भोपलपटनम (बीजापुर)। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भोपलपटनम में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित सह–पाठ्यक्रम गतिविधियों (CCA) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेरिट प्रमाण पत्र प्रदान करने हेतु एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोर्राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री पी. वेणुगोपाल राव की विशेष उपस्थिति रही।

विद्यालय द्वारा समूहवार आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और प्रमाण पत्र प्राप्त कर अपनी खुशी व्यक्त की। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा सह–पाठ्यक्रम गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि और आत्मविश्वास को बढ़ाना रहा।

इसी क्रम में, गत दिवस विद्यालय परिवार द्वारा पूर्व प्राचार्य श्री पूर्णचंद्र पात्र के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने श्री पात्र के साथ बिताए गए अपने अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। कार्यक्रम आत्मीय और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।

नवपदस्थ प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने समारोह में उपस्थित होकर श्री पात्र द्वारा संस्था को दी गई अमूल्य सेवाओं और योगदान की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं, बल्कि विद्यालय में सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण को भी सुदृढ़ बनाते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.