Type Here to Get Search Results !

लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु डी.ए.व्ही. स्कूल गोबरीपाट में संपन्न हुआ बाल संसद चुनाव


गोबरीपाट। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने तथा नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शनिवार को बाल संसद चुनाव का सफल आयोजन किया गया। चुनाव प्रक्रिया में कक्षा 3 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया।

बाल संसद के अंतर्गत हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, डिसिप्लिन कैप्टन एवं कल्चरल कैप्टन के पदों के लिए विद्यार्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किया। मतदान से पूर्व सभी प्रत्याशियों ने अपना चुनावी घोषणा-पत्र प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थियों के समक्ष अपने विचार और योजनाएं साझा करते हुए भाषण दिए।

मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया गोपनीय एवं निष्पक्ष तरीके से ईवीएम (EVM) जैसी बैलेट बॉक्स के माध्यम से संपन्न कराई गई। चुनाव को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विद्यालय के शिक्षकों को चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का सफलतापूर्वक संचालन किया।


विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता तथा लोकतांत्रिक भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार बाल संसद चुनाव के परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.