Type Here to Get Search Results !

डी.ए.व्ही. गोबरीपाट में उत्साहपूर्वक मनाया गया "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण अभियान

गोबरीपाट। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शनिवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने पौधारोपण कर किया। इसके पश्चात विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण कक्षा नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी रहे, जो हरे रंग की पोशाक पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए। हरित परिधान में सजे बच्चों ने प्रकृति संरक्षण का सुंदर संदेश प्रस्तुत किया और पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया।

विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से एक-एक पौधा लेकर आया, जिसे विद्यालय परिसर में रोपित किया गया। विद्यार्थियों ने अपने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।


इस अवसर पर प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश ही नहीं देता, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक प्रेरणादायी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों को अपने मित्र की तरह सहेजने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए समाज को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.