Type Here to Get Search Results !

डीएवी भोपालपटनम : हिंदी भाषा की गरिमा, महत्त्व एवं मातृभाषा के प्रति गौरव की भावना का दिया संदेश

भोपालपटनम। विद्यालय परिसर में हिंदी दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं विविधतापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। 14 सितंबर को मनाए जाने वाले हिंदी दिवस का आयोजन विद्यालय में अवकाश के कारण पूर्व में ही किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मिनेश कुमार पांडेय, वरिष्ठ शिक्षक, विशिष्ट अतिथि अंबर हुसैन तथा कार्यक्रम अध्यक्ष राजकुमार पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्रा वीणा ने हिंदी दिवस के महत्त्व एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जागृत किया।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियाँ दी गईं। श्रीहर्षिणी, आदित्य, स्नेहा, पलक, प्राची, रीतिका एवं समूह द्वारा ‘हिंदी बनाम अंग्रेजी’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को भाषा के महत्त्व एवं उपयोगिता पर विचार रखने का अवसर प्रदान किया। वैशाली शेट्टी ने राष्ट्रकवि हरिवंश राय बच्चन की कविता प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। हिंदी शिक्षक युवराज पटेल ने ‘विदेशों में हिंदी का बढ़ता प्रभाव’ विषय पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए वैश्विक स्तर पर हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता और स्वीकार्यता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में हिंदी दिवस पर आधारित नाटक तथा हिंदी विषय पर ‘होमवर्क मशीन’ की रोचक एवं हास्यपूर्ण विज्ञापन प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं हिंदी शिक्षिका एवं वरिष्ठ शिक्षिका नीलम साहू ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया। 

शिक्षिका अंबर हुसैन ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में हिंदी की विशेषता एवं गरिमा को रेखांकित करते हुए कहा कि अपनी मातृभाषा बोलने में कभी संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी बोलने पर गर्व करने तथा हिंदी की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों परी सिंह एवं ईशु गुप्ता द्वारा प्रस्तुत पोस्टर प्रदर्शनी/प्रस्तुतीकरण भी कार्यक्रम का आकर्षण रहा। इसके साथ ही शिक्षकों ने भी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कठिन शब्दों को बिना रुके लगातार बोलने की गतिविधि ने कार्यक्रम में उत्साह और मनोरंजन का विशेष रंग भर दिया। विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग से हिंदी दिवस समारोह को प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण स्वरूप प्रदान किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया।

कार्यक्रम के अंत में हिंदी शिक्षक भानुप्रताप सोनकर द्वारा आभार एवं समापन वक्तव्य प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान का संदेश दिया। सम्पूर्ण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में ‘हिंदी हमारी पहचान है, हिंदी हमारा गौरव है’ की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.