जरेली। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जरेली (पेंड्री), पथरिया में नवरात्रि के अवसर पर गरबा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा एवं डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात गायत्री मंत्र एवं डीएवी गान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्ररेखा मनीष जांगड़े रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य ज्योति रिंकू सिंह ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष हुलसी रघु वैष्णव, परमानंद साहू सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य गौरव सिंह राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवरात्रि एवं गरबा के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराते हुए भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का शैक्षणिक विकास करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है।
उत्सव के अंतर्गत बोर्ड सजावट, कलश सज्जा, थाली सजावट, डांडिया सजावट, फैंसी ड्रेस एवं गरबा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बोर्ड सजावट में अरविंदो सदन प्रथम रहा। कलश सज्जा में कक्षा सातवीं की अनामिका राजपूत, थाली सजावट में कक्षा पांचवीं की दिशा यादव तथा डांडिया सजावट में कक्षा छठवीं की सिल्की घृतलहरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नर्सरी वर्ग से तनिष्का सिंह ठाकुर एवं विवेक जायसवाल, एलकेजी से आर्या निर्मलकर एवं उज्ज्वल, यूकेजी से अनन्या साहू, कक्षा पहली से सान्वी निर्मलकर एवं रेयांश राजपूत तथा कक्षा दूसरी से ख्याति साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गरबा प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में श्रद्धानंद सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में दयानंद एवं श्रद्धानंद सदन संयुक्त रूप से प्रथम रहे। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षक पुरेंद्र सिंह राजपूत द्वारा आभार प्रदर्शन एवं शांति पाठ के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
