Type Here to Get Search Results !

डी.ए.वी. भोपालपटनम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

भोपालपट्टनम। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भोपालपट्टनम में बाल दिवस के अवसर पर विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुआ। इसमें शिक्षकों द्वारा प्रार्थना, प्रेरक विचार, भाषण एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रस्तुतियां दी गईं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव एवं विशिष्ट अतिथि गुलाब सिंह का स्वागत किया गया। तत्पश्चात देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने अतिथि का स्वागत किया, जबकि बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद केक काटकर बाल दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम में शिक्षकों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यालय की निर्धारित यूनिफॉर्म धारण कर विद्यार्थियों के रूप में गीत, नृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने बच्चों के बीच उत्साह का माहौल बनाया। विद्यार्थियों ने भी गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों के प्रति नेहरू जी के विशेष स्नेह का उल्लेख करते हुए बाल दिवस के महत्व को समझाया तथा विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि गुलाब सिंह ने कविता पाठ कर अपनी साहित्यिक प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम एवं विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा आमंत्रित करने के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। बस्तर ओलंपिक में विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

खेलकूद गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नर्सरी से कक्षा दूसरी तक जलेबी दौड़, कक्षा तीसरी से पांचवीं तक स्ट्रॉ पेपर कैचिंग, कक्षा छठवीं से आठवीं तक नींबू-चम्मच दौड़, कक्षा आठवीं से दसवीं तक म्यूजिकल चेयर तथा कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता रखी गई। विद्यार्थियों ने सभी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से खीर, पूरी, सब्जी एवं चावल तैयार कर विद्यार्थियों को भोजन कराया। सामूहिक भोज ने आयोजन को आत्मीय एवं यादगार बनाया।

बाल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षकों और बच्चों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का अवसर बना। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.