वंशिका, ईशाना, निहारिका और ऐशरी की शानदार रणनीति ने दिलाई जीत, स्कूल में हुआ भव्य स्वागत
गोबरीपाट। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट की छात्राओं ने शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्लस्टर-7 स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की प्रतिभाशाली टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें डी.ए.वी. स्कूल की छात्राओं ने अपनी सूझबूझ, रणनीति और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पीछे छोड़ दिया।
विजेता टीम में वंशिका रजक, ईशाना कुर्रे, निहारिका बंजारे एवं ऐशरी जांगड़े शामिल रहीं। चारों छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को क्लस्टर-7 शतरंज प्रतियोगिता का विजेता बनाया।
प्रतियोगिता में जीत के बाद विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं का शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल, खेल शिक्षक महेंद्र मरावी तथा समस्त शिक्षकों ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि "हमारी छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं। यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।"
खेल शिक्षक महेंद्र मरावी ने बताया कि छात्राओं ने नियमित अभ्यास और अनुशासन के बल पर यह सफलता अर्जित की है। वहीं विजेता छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को दिया।
सीबीएसई से संबद्ध डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहे हैं।
