कोटा। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (Parent-Teacher Meeting - PTM) का सफल आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन की स्थिति तथा आगामी तैयारी के संबंध में शिक्षकों से विस्तृत चर्चा की।
PTM के दौरान एलकेजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों की प्रथम आवधिक परीक्षा (PT-1) की उत्तरपुस्तिकाएँ अभिभावकों को दिखाई गईं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन, विषयवार प्रगति तथा सुधार की संभावनाओं से अभिभावकों को अवगत कराया। साथ ही बच्चों की अध्ययन संबंधी आदतों एवं नियमित अभ्यास पर भी आवश्यक सुझाव दिए गए ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुधांशू जायसवाल ने कहा कि उत्तरपुस्तिकाएँ दिखाने का उद्देश्य विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि वे अपनी कमियों को समझकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन तथा घर पर सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। शिक्षकों ने नियमित अध्ययन, समयबद्ध पुनरावृत्ति (रिवीजन) तथा विद्यालय द्वारा दिए गए शैक्षणिक मार्गदर्शन का निरंतर पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अभिभावक-शिक्षक संवाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे तथा बैठक को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
