भोपालपट्टनम, 21 जून। जिला शिक्षा अधिकारी, बीजापुर के निर्देशानुसार DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर, भोपालपट्टनम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्रातः 7:00 बजे विद्यालय परिसर में उत्साह एवं अनुशासन के साथ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के आंतरिक योग प्रशिक्षक रामेश्वर साहू एवं ज्योत्सना एन. के निर्देशन में विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं पालकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री पी. वेणुगोपाल राव ने स्वयं योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है तथा नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से अनुलोम-विलोम के फेफड़ों एवं श्वसन तंत्र के लिए लाभकारी प्रभावों तथा कपालभाति के स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी।
प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पालकों को प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट योगाभ्यास करने की सलाह देते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत, एकाग्रता में वृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
योग दिवस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य श्री पी. वेणुगोपाल राव ने योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी को स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
