Type Here to Get Search Results !

डीएवी भोपालपट्टनम में गूंजा हरेली का उल्लास, संस्कृति और हरियाली का दिया संदेश

भोपालपट्टनम। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं महत्वपूर्ण पर्व हरेली तिहार का हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ-साथ प्रकृति, पर्यावरण एवं हरियाली के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की गई तथा कृषि कार्यों में उपयोग किए जाने वाले पारंपरिक औजारों एवं उपकरणों की पूजा की गई। विद्यार्थियों को हरेली पर्व के महत्व, छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति तथा लोकपरंपराओं के बारे में जानकारी दी गई।

इसके बाद विद्यालय के चारों हाउस द्वारा छत्तीसगढ़ एवं हरेली की थीम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। यजुर्वेद हाउस (Blue), अथर्ववेद हाउस (Yellow), ऋग्वेद हाउस (Red) एवं सामवेद हाउस (Green) के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति एवं हरेली पर्व की भावना को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों में पूरे कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को देखने के लिए विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने हरेली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और लोकपरंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों, जल एवं पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरियाली हमारे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए आवश्यक है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति की रक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी हरियाली और प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

हरेली थीम पर आयोजित नृत्य प्रस्तुतियों का परिणाम भी कार्यक्रम के दौरान ही घोषित किया गया। प्रथम स्थान अथर्ववेद हाउस (Yellow), द्वितीय स्थान ऋग्वेद हाउस (Red) तथा तृतीय स्थान सामवेद हाउस (Green) ने प्राप्त किया। परिणाम की तत्काल घोषणा से विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम का मंच संचालन सपना गुर्रम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नीलम साहू ने प्रस्तुत किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मिनेश कुमार पांडेय द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

हरेली तिहार का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति गौरव की भावना तथा प्रकृति, पर्यावरण एवं हरियाली के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.