Type Here to Get Search Results !

देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच डीएवी गोबरीपाठ में मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

कोटा। कोटा ब्लॉक स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाठ में देशभक्ति एवं उत्साह के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और देशप्रेम की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका कोटा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री युवराज सिन्हा रहे। उनके साथ नोडल अधिकारी रश्मि तिवारी, समाजसेवी डॉ. एफ.एल. साहू सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया। खेल शिक्षक श्री महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, संस्था प्रमुख एवं अन्य अतिथियों को सलामी दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत एल.के.जी. के नन्हे-मुन्ने बच्चों के मनमोहक नृत्य से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, देशभक्ति गीत एवं भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “जंतर-मंतर : नीट पेपर लीक” विषय पर आधारित नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी इस गंभीर समस्या को मंच पर प्रस्तुत किया, जिसे अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।

अतिथियों ने दिया प्रेरणादायी संदेश

मुख्य अतिथि श्री युवराज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारी गौरवशाली विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की अखंडता, सम्मान और एकता को बनाए रखने के लिए सदैव योगदान देने की प्रेरणा दी।

समाजसेवी डॉ. एफ.एल. साहू ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना भी आवश्यक है। 

नोडल अधिकारी रश्मि तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि अनुशासित विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य श्री सुधांशु जायसवाल ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से अपने गांव, माता-पिता, राज्य और देश का नाम रोशन करें।

मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर क्लस्टर लेवल शतरंज प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सत्र 2025 की वार्षिक परीक्षा में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन हिंदी शिक्षक श्री चुन्नूलाल साहू एवं अंग्रेजी शिक्षक श्री ओमेश चंद्रम के मार्गदर्शन में छात्र अमन चक्रधारी एवं छात्रा प्रिया टंडन ने किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका श्रीमती दीपा देवांगन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। समारोह की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं अतिथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.