गोबरीपाट, कोटा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर हाउस वाइज राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना था।
विद्यालय के चारों हाउस - आर्यावर्त हाउस, नालंदा हाउस, तक्षशिला हाउस और विक्रमशिला हाउस के छात्र-छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों ने अपने-अपने हाउस के बैनर तले एक से बढ़कर एक सुंदर, रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां बनाईं। राखियों को बनाने के लिए बच्चों ने रेशम के धागों, ऊन, मोतियों, सितारों, कुमकुम, चावल और तिरंगे के रंगों का उपयोग किया। हर हाउस की राखियों में एक अलग ही रचनात्मकता और देशभक्ति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि, "रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि यह रक्षा के वचन का भी पर्व है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, टीम भावना और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा बनाई गई इन सभी राखियों को एकत्रित कर सुंदर पैकेट में पैक करके देश की सीमा पर तैनात वीर सैनिकों के लिए भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि जो जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर दिन-रात सीमाओं पर हमारी रक्षा में तैनात हैं, वे भी रक्षाबंधन की खुशी मना सकें और उन्हें यह महसूस हो कि पूरा देश उनके साथ है।
कार्यक्रम के अंत में सभी हाउस इंचार्ज और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों की कलाकृति की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
