भोपालपट्टनम। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और उनकी रचनात्मक प्रतिभा ने रक्षाबंधन के पर्व को विशेष बना दिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर कक्षा-वार विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों के लिए ड्रॉइंग एवं पेंटिंग, कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग, कक्षा छठी से आठवीं तक राखी मेकिंग एवं थाली डेकोरेशन तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं तक मेहंदी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।
विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक सुंदर ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए गए तथा आकर्षक चित्र बनाए गए। रक्षाबंधन से संबंधित सुंदर-सुंदर राखियों और सजी हुई थालियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और उत्साह देखते ही बनता था।
इन गतिविधियों के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम की घोषणा आगामी सोमवार को हाउस-वाइज की जाएगी।
विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में सीखने की भावना, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक होते हैं।”
विद्यालय प्रबंधन के सहयोग एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए सीखने, सृजन करने और त्योहार को आनंदपूर्वक मनाने का सुंदर अवसर बना।
