स्टेट लेवल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, वंशिका, ईशाना, निहारिका और ऐशरी ने बनाई राष्ट्रीय स्तर पर जगह
गोबरीपाट। DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट की चार छात्राओं ने डी.ए.वी. स्टेट लेवल शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डी.ए.वी. स्टेट लेवल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन DAV पब्लिक स्कूल, SECL कुसमुंडा में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शतरंज प्रतियोगिता में DAV गोबरीपाट की वंशिका रजक, ईशाना कुर्रे, निहारिका बंजारे एवं ऐशरी जांगड़े ने एकाग्रता, रणनीतिक कौशल और बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
चारों छात्राओं ने क्लस्टर स्तर से लेकर स्टेट स्तर तक लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी नेशनल लेवल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इस उपलब्धि के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल एवं एस्कॉर्ट शिक्षिका दीपा देवांगन उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा, “हमारी बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उनकी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारी छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।”
खेल शिक्षक महेंद्र मरावी के अनुसार, छात्राओं ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कई महीनों तक नियमित अभ्यास किया। प्रतिदिन लगभग दो घंटे के अभ्यास के साथ अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उनकी तैयारी को मजबूत किया।
अपनी सफलता पर छात्राओं ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, खेल शिक्षक महेंद्र मरावी, प्राचार्य एवं विद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य नेशनल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना है।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने चारों छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल, योग, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों की भागीदारी रहती है।
