Type Here to Get Search Results !

डीएवी भोपालपटनम : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में जीवंत हुईं कान्हा की बाल लीलाएँ

राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, कृष्ण लीला, द्रौपदी चीरहरण एवं मटकी फोड़ ने मोहा दर्शकों का मन

उल्लूर, 03 सितंबर 2026। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर भोपालपटनम में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने की। समारोह के मुख्य अतिथि विजय कुमार कोरम, खंड शिक्षा अधिकारी तथा विशिष्ट अतिथि बीआरसी यालम शंकर एवं शिवराज कर्माकर रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात हंशिका एवं समूह द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बना दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। समारोह का विशेष आकर्षण नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी एवं फैंसी ड्रेस प्रस्तुति रही। अलग-अलग रूपों में सजे राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों की मनमोहक वेशभूषा एवं बाल लीलाओं ने ऐसा वातावरण बनाया मानो पूरा विद्यालय परिसर वृंदावन और गोकुल में परिवर्तित हो गया हो।

विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित नृत्य भी प्रस्तुत किया। कालिया नाग के साथ भगवान श्रीकृष्ण के संघर्ष सहित कृष्ण की विभिन्न लीलाओं को बच्चों ने मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं ईशु एवं समूह द्वारा प्रस्तुत द्रौपदी चीरहरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति अत्यंत प्रभावशाली रही। अंजलि एवं समूह ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई मटकी सजावट भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही जन्माष्टमी के पारंपरिक उत्सव मटकी फोड़ का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे बच्चों, बड़े विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छोटे बच्चों को आँखों पर पट्टी बाँधकर मटकी फोड़ने का अवसर दिया गया, जिसमें अरिशा खान ने मटकी फोड़ी। बड़े बच्चों की ओर से प्रज्ञा ने मटकी फोड़ी, जबकि शिक्षकों की ओर से सूर्यप्रकाश साहू एवं राजकुमार पटेल ने मटकी फोड़कर समारोह में उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा बच्चों की प्रतिभा एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्राचार्य ने बताया भारतीय संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुँचाना जरूरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्राचार्य ने बच्चों से संवाद करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के माता-पिता, जन्मस्थान एवं जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर प्रश्न पूछे। उन्होंने श्रीकृष्ण-सुदामा प्रसंग का उल्लेख करते हुए बच्चों को मित्रता एवं संस्कारों का महत्व समझाया। साथ ही संस्कृत के श्लोकों के माध्यम से कर्म के महत्व को समझाते हुए कहा कि हमें अपना कर्म पूरी निष्ठा से करना चाहिए और परिणाम की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम की सराहना की।

मुख्य अतिथि ने की कार्यक्रम की सराहना

मुख्य अतिथि एवं खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कोरम ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं सभी विद्यार्थियों को इस सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत झांकी एवं नन्हे बच्चों की बाल लीलाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को देखकर ऐसा अनुभव हो रहा है जैसे वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन हो रहे हों और पूरा वातावरण वृंदावन एवं गोकुल जैसा प्रतीत हो रहा हो। उन्होंने बच्चों की मेहनत एवं उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का मंच संचालन भानुप्रताप सोनकर ने किया व कार्यक्रम प्रभारी सपना गुर्रम रहीं। कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं में विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर एस. विक्टोरिया रानी ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.