पथरिया। ग्राम जरेली (पेंड्री) स्थित सी.बी.एस.ई. अंग्रेजी माध्यम डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने तीरंदाजी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर विद्यालय और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। कक्षा 11वीं के समीर का चयन अंडर-19 वर्ग तथा कक्षा 10वीं के आदित्य राज का चयन अंडर-17 वर्ग में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित होने वाली डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
दोनों विद्यार्थियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को खेल प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य गौरव सिंह राजपूत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यालय और क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है। ग्राम जरेली जैसे छोटे से गांव के विद्यार्थियों का तीरंदाजी जैसे खेल में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक राजेश कुमार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य और अर्जुन के उदाहरण के माध्यम से शिक्षक के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थी के समर्पण के महत्व को भी रेखांकित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षकगण ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का वातावरण है।
