गोबरीपाट, कोटा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट की चार प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाकर विद्यालय एवं क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। विद्यालय की चार छात्राओं का चयन डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित होने वाली अंडर-14 राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चारों छात्राएं दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं में वंशिका रजक, ईशाना कुर्रे, निहारिका बंजारे और ऐशरी जांगड़े शामिल हैं। ये सभी छात्राएं शतरंज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, एकाग्रता, रणनीतिक सोच और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेना छात्राओं के लिए अपनी क्षमताओं को साबित करने तथा अन्य राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
छात्राओं के साथ एस्कॉर्ट शिक्षिका के रूप में पुष्पा सूर्यवंशी भी दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं। उनकी उपस्थिति में छात्राओं को प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। छात्राओं को इस मुकाम तक पहुंचाने में विद्यालय के खेल शिक्षक महेंद्र मरावी का विशेष योगदान रहा है। उनके नियमित प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिला। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल में सफलता के लिए एकाग्रता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमत और निरंतर अभ्यास आवश्यक होता है। छात्राओं की यह उपलब्धि उनके समर्पण और शिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि चार छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएं दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षकगण ने चारों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
