उल्लूर/भोपलपटनम, बीजापुर। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भोपलपटनम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ द्वारा पूर्व प्राचार्य श्री पूर्णचंद्र पात्र के सम्मान में एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। श्री पात्र के सुकमा जिले में स्थानांतरण होने पर सभी ने नम आँखों से उन्हें विदाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात श्री पात्र को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। कई शिक्षकों ने कहा कि परिवार से दूर रहने के बावजूद सर ने कभी किसी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी और हमेशा परिवार के सदस्य की तरह मार्गदर्शन दिया। एक शिक्षिका ने बताया कि उन्होंने सर के साथ अन्य विद्यालय में भी कार्य किया है और यहाँ भी साथ काम करने का अवसर मिला, जहाँ सर ने हर परिस्थिति में भरोसा जताते हुए सीखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का माहौल इतना भावुक था कि कई शिक्षक मंच पर आकर कुछ कह नहीं पाए और उनकी आँखों से आँसू छलक पड़े। सभी ने अपने-अपने तरीके से श्री पात्र के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री पात्र ने भी प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं तथा उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, ताकि ये पल यादों में सहेजे जा सकें। उन्होंने विद्यालय में तीन वर्षों से अधिक समय तक सेवाएँ देते हुए शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सकारात्मक सुधार लाने का निरंतर प्रयास किया।
विदाई संदेश में श्री पात्र ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रेम, सम्मान और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए नए प्राचार्य श्री पी. वेणुगोपाल राव के साथ मिलकर विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आग्रह किया। वहीं नवपदस्थ प्राचार्य श्री पी. वेणुगोपाल राव ने भी विश्वास दिलाया कि जिस प्रकार पात्र सर ने विद्यालय के विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है, उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय को और प्रगति के पथ पर ले जाया जाएगा तथा उनके कार्यों को आगे बढ़ाकर उन्हें और गौरवान्वित किया जाएगा। समारोह आत्मीय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।
